SGPC प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी सिख जत्थेबंदियां: चावला रेप मामले में जालंधर में प्रेसवार्ता

जालंधर में प्रेसवार्ता करते सुखदेव सिंह फगवाड़ा।
- Advertisement -
Punjab Government
जालंधर– श्री आनंदपुर साहिब से एसजीपीसी के पूर्व सदस्य और शिरोमणि अकाली दल नेता अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ दुष्कर्म का मामला गरमा गया है। जालंधर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में ऑल सिख इंडिया संगठन जत्थेबंदी के नेता सुखदेव सिंह फगवाड़ा ने मामले में एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी का इस्तीफा मांगा है। यह सारा मामला बहरीन की महिला की शिकायत पर रेप, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी के आरोपों में दर्ज एफआईआर को लेकर है। सिख जत्थेबंदियों ने मामले की जांच पंजाब पुलिस के बजाय सीबीआई को सौंपने की भी मांग की है।

जत्थेबंदियों ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि वह 18 अक्टूबर को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को मांग पत्र सौंपेंगे। इसमें धामी के इस्तीफे के अलावा हाईकोर्ट के पूर्व जज की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच कमेटी बनाने की मांग होगी। उनका कहना है कि कमेटी में एसजीपीसी के मौजूदा सदस्य या पदाधिकारी शामिल न किए जाएं।

मामले की जांच सीबीआई से कराने की बात कही

जत्थेबंदियों के अनुसार, घेराव के बाद धामी ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की बात कही थी। नेताओं ने आरोप लगाया कि इससे उनकी आपत्तियां दूर नहीं हुईं। उन्होंने दावा किया कि धामी के सामने पांच सवाल रखे गए थे, लेकिन उनका स्पष्ट जवाब नहीं मिला। एसजीपीसी चुनाव में देरी को लेकर बलदेव सिंह कायमपुरी को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाए गए।

जागीर कौर के खाते में एक लाख रुपए ट्रांसफर किए जाने का मुद्दा उठाया

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जागीर कौर के खाते में एक लाख रुपए ट्रांसफर किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। जत्थेबंदियों का दावा है कि राशि धर्म प्रचार कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह कालहवां के खाते से भेजी गई थी। उन्होंने इस लेनदेन की निष्पक्ष जांच की मांग की। जत्थेबंदियों ने अमरजीत सिंह चावला के एक अन्य सहयोगी से जुड़े कथित मामलों के सबूत जल्द सार्वजनिक करने की भी बात कही।

Share This Article
Leave a comment