बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और सांसद संजीव अरोड़ा के मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी।
वोटर लिस्ट को लेकर केंद्र पर चुनावी धांधली का आरोप
मनीष सिसोदिया ने राज्य में शुरू हो रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) यानी मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा यह हमारे संगठन की एक रूटीन मीटिंग है जो समय-समय पर चलती रहती है। लेकिन आज हमारा मुख्य फोकस एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर है। प्रधानमंत्री जी ने पहले ईडी और सीबीआई भेजकर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की और अब वे इसके माध्यम से एसआईआर करवा रहे हैं।
फर्जी वोट बनवाए, लाखों वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे
हमने पहले भी देखा है कि किस तरह से इन्होंने फर्जी वोट बनवाए और लाखों वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवा दिए। संवैधानिक अधिकार होने के बावजूद लाखों लोगों से उनका वोट डालने का हक छीन लिया गया। आम आदमी पार्टी की यह कोशिश है कि पंजाब के एक भी आदमी का वोट डालने का हक छीना न जाए। मोदी जी चाहे जितनी कोशिश कर लें, लेकिन पंजाबियों का कोई हक छीना नहीं जाने दिया जाएगा इसके लिए आम आदमी पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बीजेपी एक पूरी तरह से पंजाब विरोधी
जब पत्रकारों ने बीजेपी के उस दावे पर सवाल पूछा जिसमें कहा गया था कि दो-दो जगहों पर बने वोटों को ठीक करने के लिए यह प्रक्रिया की जा रही है तो सिसोदिया ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया सिसोदिया ने कहा,भारतीय जनता पार्टी कुल मिलाकर एक एंटी-पंजाब (पंजाब विरोधी) पार्टी है। उसका पंजाब से कोई लेना-देना नहीं है। जब भी मौका मिले ये हमेशा पंजाब विरोधी गतिविधियों में लग जाते हैं। संसाधनों को छीनने की कोशिश उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा ये कभी सोचते हैं कि पंजाब से चंडीगढ़ छीन लो, कभी कहते हैं पंजाब से भाखड़ा डैम छीन लो, तो कभी पंजाब यूनिवर्सिटी को छीनने की बात करते हैं। ये पहले पंजाबियों के खिलाफ किसानों के काले कानून लेकर आए थे और अब ये पंजाबियों के खिलाफ ‘SIR’ लेकर आए हैं। लेकिन पंजाब के लोग बहुत तगड़े हैं और वे इसका मजबूती से जवाब देंगे।
सांसद संजीव अरोड़ा पर बोले-वे झुके नहीं, मजबूती से खड़े हैं
सोशल मीडिया पर राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को डराने-धमकाने और उनके भावुक होने से जुड़ी चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मनीष सिसोदिया ने उनकी सराहना की संजीव अरोड़ा जी बहुत बहादुर हैं। वे मोदी जी के सामने झुके नहीं। उनको तोड़ने की बहुत कोशिश की गई। यह सच है कि कोई भी व्यक्ति अपने परिवार के साथ थोड़ा इमोशनल (भावुक) हो ही जाता है, पर मुझे पता है कि वे देश और पंजाब के साथ बहुत मजबूती से खड़े हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह से ईमानदार लोगों को झुकाना मोदी जी के लिए आसान नहीं है। दबाव में कुछ लोग झुक जाते हैं, कुछ टूट जाते हैं तो कुछ गद्दार भी निकल जाते हैं, लेकिन सबके लिए यह सबक है कि कुछ लोग बहुत मजबूत भी होते हैं।
2027 के चुनावी रण की तैयारी
गौरतलब है कि पंजाब में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस चुनाव से ठीक पहले राज्य में हो रहा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) सभी राजनीतिक दलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आम आदमी पार्टी इस बैठक के जरिए अपने जमीनी संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूचियों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए अपनी रणनीति तैयार कर रही है।
