चंडीगढ़- श्री गुरु ग्रंथ साहिब के लापता स्वरूपों के मामले की जांच कर रही पंजाब सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल ने आज शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यालय का दौरा किया। यह दौरा मामले की जांच से जुड़े अहम दस्तावेजों को प्राप्त करने के लिए किया गया था।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि इस प्रकरण में कुल 16 आरोपी नामजद हैं। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नौ आरोपी जांच प्रक्रिया में शामिल हो चुके हैं। कुछ अन्य आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिकाएं फिलहाल हाई कोर्ट में लंबित हैं।
एसपी बैंस ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए एसआईटी को कई अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेजों की आवश्यकता है। एसजीपीसी कार्यालय द्वारा आज उन्हें केवल कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी ही उपलब्ध कराई गई। बार-बार मांगे जाने के बावजूद मूल (ओरिजिनल) दस्तावेज जांच टीम को नहीं सौंपे गए। इसके चलते एसआईटी ने अब प्रासंगिक और मूल दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है।
