अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब की अमन-शांति, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोर्चा खोल दिया है। जालंधर में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के नेतृत्व में ‘आप’ नेताओं और भारी संख्या में उमड़े स्थानीय लोगों द्वारा अकाली दल (बादल) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ एक विशाल और जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ नेताओं ने अकाली दल और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये दोनों दल धर्म की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की घिनौनी कोशिशें कर रहे हैं और पंजाब का माहौल खराब करने की गहरी साजिशें रच रहे हैं। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि पंजाब की जनता अब जागरूक हो चुकी है और वो इन पारंपरिक पार्टियों की विभाजनकारी और पंजाब विरोधी राजनीति को कभी कामयाब नहीं होने देगी। प्रदर्शन में शामिल आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह साफ संदेश दिया कि पंजाब की एकता, अखंडता और सदियों पुराने भाईचारे के साथ किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और राज्य की शांति को भंग करने का प्रयास करने वाले नेताओं को जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।
