पंजाब की नई वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी : 11 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और गलतियां सुधारने का मौका, ऑनलाइन भी चेक कर सकेंगे अपना नाम

- Advertisement -
चंडीगढ़- पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2027 के तहत बुधवार को राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई। अब लोग इस सूची में अपना नाम और अन्य विवरण चेक कर सकते हैं। अगर किसी का नाम सूची में नहीं है या नाम, पता व अन्य जानकारी में कोई गलती है तो 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावा और आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं। उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

ऐसे चेक करें वोटर लिस्ट में अपना नाम

मतदाता घर बैठे ऑनलाइन भी प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब की वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in या चुनाव आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाना होगा। यहां मतदाता अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं।

पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी विभिन्न राजनीतिक दलों से मीटिंग करते हुए। - Dainik Bhaskarपंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी विभिन्न राजनीतिक दलों से मीटिंग करते हुए।

18 साल पूरे करने वाले युवा भी बनवा सकते हैं वोट

ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 साल की उम्र पूरी कर रहे हैं, वे भी मतदाता के रूप में पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरना होगा।

मदद के लिए हेल्प डेस्क और विशेष कैंप लगेंगे

मतदाताओं की सहायता के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) के कार्यालयों में हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। इसके अलावा राज्यभर में जल्द ही विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। किसी भी तरह की जानकारी या मदद के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं।

इसके अलावा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के जरिए बीएलओ के साथ कॉल बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने लोगों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

Share This Article
Leave a comment