जालंधर: नूरपुर कॉलोनी में मेडिकल स्टोर पर छापेमारी, भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद, रिकॉर्ड व बिल दिखाने में नाकाम रहा संचालक

जालंधर ब्यूरो :- जालंधर के नूरपुर कॉलोनी, सुंदर नगर स्थित ‘एसपी मेडिकोज़’ (SP Medicos) पर ड्रग विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर प्रतिबंधित दवाइयों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री को लेकर मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना 8 की पुलिस और ड्रग विभाग के अधिकारियों ने इस सांझे ऑपरेशन को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान मेडिकल स्टोर से नशे के तौर पर धड़ल्ले से इस्तेमाल किए जाने वाले प्रेगाबालिन कैप्सूल की भारी खेप सहित कई अन्य संदिग्ध दवाइयां बरामद की गईं। जांच के दौरान जब अधिकारियों ने दुकान संचालक से बरामद दवाइयों की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और बिल मांगे, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पेश करने में पूरी तरह नाकाम रहा।

ड्रग विभाग की अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रेगाबालिन कैप्सूल का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग नशे के विकल्प के रूप में किया जा रहा था, जिसे तुरंत प्रभाव से जब्त कर कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं, दुकान में मिली अन्य अनियमित दवाओं को ड्रग विभाग ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, थाना 8 की पुलिस और ड्रग विभाग दोनों अपने-अपने स्तर पर दवाओं की अवैध तस्करी और बिना रिकॉर्ड बिक्री के नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में ला रहे हैं, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह प्रतिबंधित स्टॉक कहां से सप्लाई किया जा रहा था।

Share This Article
Leave a comment