जनता के द्वार पहुंचे मेयर वनीत धीर: बैंक कॉलोनी में लोक मिलनी के दौरान सुनीं समस्याएं, सीवरेज व सफाई व्यवस्था सुधारने का दिया आश्वासन

- Advertisement -
Punjab Government

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर नॉर्थ हलका इंचार्ज एवं मेयर वनीत धीर ने कहा कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की होनी चाहिए। बैंक कॉलोनी, वार्ड नंबर-1 में आयोजित एक विशेष ‘लोक मिलनी’ के दौरान मेयर वनीत धीर ने क्षेत्रवासियों के साथ रू-ब-रू होकर सड़क, सफाई, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और पानी जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को विस्तार से सुना। इस दौरान स्थानीय निवासियों को आश्वस्त किया गया कि इलाके में सफाई व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा और सीवरेज की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सुपर सक्शन मशीनों के जरिए विशेष सफाई करवाई जाएगी। मेयर ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनता की जायज समस्याओं को केवल कागजी शिकायत न समझें, बल्कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को बेहतर बनाया जाए ताकि नागरिकों को अपने कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। जनता के साथ निरंतर संवाद को शहर के विकास की धुरी बताते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सुझावों से न केवल वर्तमान समस्याओं का निदान होता है, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं को भी अधिक प्रभावी ढंग से अमलीजामा पहनाने में मदद मिलती है। इस जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी भी भारी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

Share This Article
Leave a comment