जालंधर में राजू चौहान के घर पुलिस-एक्साइज की बड़ी रेड, 50 से ज्यादा शराब की पेटियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार

अखंड केसरी (राहुल शर्मा):- जालंधर के वेस्ट हलके में पुलिस और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजू चौहान के घर पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में अवैध शराब की पेटियां बरामद की गईं। जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एक्साइज विभाग ने नाखा वाले बाग स्थित मधुबन कॉलोनी में राजिंदर कुमार उर्फ राजू चौहान के घर पर रेड की। कार्रवाई के दौरान मौके पर एसपी, एसीपी, एसएचओ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने घर की तलाशी के दौरान 50 से 60 पेटियां व्हिस्की बरामद कीं, जिन्हें अवैध रूप से स्टोर किया गया था। पुलिस ने मौके से आरोपी राजू चौहान को गिरफ्तार कर लिया। एक्साइज विभाग के अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि पहले भी कई बार जांच की गई थी, लेकिन इस बार बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई है। वहीं एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि आरोपी लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त था और रिहायशी मकान का इस्तेमाल गलत गतिविधियों के लिए कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम को भी सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर इमारत का निरीक्षण किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान चार सिलेंडर समेत अन्य संदिग्ध सामान भी जब्त किया गया, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के पुराने मामलों और पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

Share This Article
Leave a comment