रुस्तम-ए-हिंद जस्सा पट्टी ने थामा ‘झाड़ू’, मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में हुए शामिल

अखंड केसरी ब्यूरो :- विरासत और पारंपरिक कुश्ती की दुनिया में अपना लोहा मनवाने वाले रुस्तम-ए-हिंद जस्कंवर सिंह पट्टी, जिन्हें दुनिया भर में ‘जस्सा पट्टी’ के नाम से जाना जाता है, अब राजनीति के अखाड़े में उतर गए हैं। आज एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, जस्सा पट्टी अपने साथियों के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में औपचारिक रूप से आम आदमी पार्टी (AAP) परिवार का हिस्सा बन गए। मुख्यमंत्री मान ने जस्सा पट्टी का पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर विधिवत शामिल किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जस्सा पट्टी जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी का पार्टी के साथ जुड़ना गर्व की बात है, क्योंकि वे न केवल पंजाब की विरासत बल्कि युवाओं के लिए एक बड़े रोल मॉडल हैं। मुख्यमंत्री मान ने उन्हें इस नई पारी के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि खेल के मैदान की तरह वे जनसेवा के क्षेत्र में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। वहीं, जस्सा पट्टी ने पार्टी की नीतियों और मुख्यमंत्री मान के कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे पंजाब की उन्नति और खेलों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से काम करेंगे। उनके ‘आप’ में शामिल होने से पार्टी को विशेष रूप से पंजाब के युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a comment