अमृतसर पुलिस की बड़ी कामयाबी: सरहद पार ड्रग्स और हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

अखंड केसरी ब्यूरो :- अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सरहद पार से संचालित ड्रग्स और हथियार तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 915 ग्राम आईसीई (मेथामफेटामाइन), 5 पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान आधारित तस्करों के सीधे संपर्क में थे और पंजाब में नशीले पदार्थों तथा अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए लोकल हैंडलर के तौर पर काम कर रहे थे। इस मामले में थाना गेट हकीमा, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए आगे-पीछे के लिंक खंगाल रही है। पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि नशे, गैर-कानूनी हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी तथा पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बड़ी कार्रवाई को पुलिस की संगठित अपराध के खिलाफ अहम जीत माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment