हालांकि, आग में घर का कीमती सामान, जिसमें सोफा, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान शामिल है, जलकर राख हो गया। इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, आग लगने की वजह कमरे में चल रहे कूलर में हुआ शॉर्ट सर्किट था। सोमवार को कूलर में अचानक स्पार्किंग हुई, जिसकी चिंगारी दीवार पर लगे वॉलपेपर तक पहुंच गई। वॉलपेपर में आग लगते ही लपटें तेजी से फैल गईं और कुछ ही देर में पूरे घर में धुआं भर गया।


खुद ही बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर जुट गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत हो रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद ही बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। मोहल्ले वालों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के चलते दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे पार्षद
घटना की सूचना मिलते ही इलाके के पार्षद मनीष भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार उनके परिचितों में से है। मनीष ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि घर में सिलेंडर ब्लास्ट जैसी कोई घटना नहीं हुई। उनके अनुसार, यह पूरी तरह शॉर्ट सर्किट से जुड़ा मामला है।
परिवार का आर्थिक रूप से हुआ नुकसान
पार्षद मनीष ने कहा कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। आग में घर का सोफा, बिस्तर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि उन्हें उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता दिलाने के लिए सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा।
