केस से जुड़ी कई तरह की प्रासंगिक जानकारी जुटाने के लिए लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान एनआईए ने कई डिजिटल उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं। तीनों ही मामलों में विभिन्न संचार नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन के पुख्ता सबूत भी जांच एजेंसी के हाथ लगे हैं।
NIA ने खुद दी जानकारी…

NIA के अनुसार, जांच तीन प्रमुख मामलों से जुड़ी है, जिनके तार पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े पाए गए हैं।
1. जालंधर ग्रेनेड हमला मामला
मार्च 2025 में पंजाब के जालंधर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच में NIA को शहजाद भट्टी की भूमिका के संकेत मिले थे। अप्रैल 2026 में एजेंसी ने भट्टी को इस मामले में फरार आरोपी के रूप में चार्जशीट किया था।
2. सिरसा महिला थाना विस्फोट मामला
हरियाणा के सिरसा स्थित महिला पुलिस थाने में नवंबर 2025 में हुए विस्फोट की जांच में भी भट्टी की संलिप्तता सामने आई। इस मामले में NIA मई 2026 में नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें पाकिस्तान स्थित हैंडलर सोहेल अहमद उर्फ सोहेल बलोच का नाम भी शामिल है।

3. अंबाला बलदेव नगर थाना कार बम मामला
जनवरी 2026 में अंबाला के बलदेव नगर पुलिस स्टेशन में हुए कार बम विस्फोट मामले की जांच में गिरफ्तार एक आरोपी के शहजाद भट्टी के संपर्क में होने का खुलासा हुआ था। NIA इसी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

कई लोगों को जांच में शामिल होने के नोटिस
एजेंसी ने बताया कि कुछ व्यक्तियों को पूछताछ और आगे की जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। छापेमारी का मुख्य उद्देश्य शहजाद भट्टी के सहयोगियों, फंडिंग नेटवर्क और सीमा पार संचालित आतंक-गैंगस्टर गठजोड़ की परतें खोलना है।
NIA का फोकस
NIA का मानना है कि गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी द्वारा संचालित नेटवर्क पंजाब और हरियाणा में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश में सक्रिय रहा है। एजेंसी अब उसके स्थानीय सहयोगियों, वित्तीय मददगारों और लॉजिस्टिक सपोर्ट नेटवर्क की पहचान करने में जुटी है।
फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए सबूत
तलाशी के दौरान एकत्र की गई सभी जानकारी और सबूतों को गहन जांच के साथ-साथ फोरेंसिक एवं तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। इस मामले में सीमा पार की बड़ी साजिश का खुलासा हो सकता है। NIA के मुताबिक, सीमा पार से गैंगस्टर से आतंकवादी बने भट्टी द्वारा संचालित नेटवर्क के पीछे की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने के उद्देश्य से एनआईए द्वारा की जा रही जांच के तहत कुछ व्यक्तियों को आगे की पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। छापेमारी में भट्टी के सहयोगियों और तीनों मामलों से संबंधित आतंकी साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने पर केंद्रित थी।
