अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब को पूरी तरह से नशा-मुक्त और सुरक्षित बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को सीमा पार (क्रॉस-बॉर्डर) से होने वाली ड्रग्स तस्करी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले की गहराई से जांच करते हुए पुलिस ने बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (अगले-पिछली कड़ियों) पर कड़ी कार्रवाई की है, जिसके तहत दो अलग-अलग ऑपरेशनों में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.041 किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की गई है। गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही तीन नाबालिगों सहित कुल छह आरोपियों को 30.045 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था। इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीमों ने पहले एक आरोपी को दबोचा, जिसके पास से 2.006 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। शुरुआती पूछताछ में एक बड़ा खुलासा यह हुआ है कि गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों के तार दुबई में बैठे एक बड़े तस्कर से जुड़े हुए थे, जो सीमा पार से हेरोइन की खेपों की सप्लाई को ऑपरेट कर रहा था। इसी नेटवर्क को तोड़ते हुए पुलिस ने एक अन्य गुप्त सूचना के आधार पर दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 3.035 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस दूसरी गिरफ्तारी से इस पूरे ड्रग सिंडिकेट के काम करने के तौर-तरीकों और नेटवर्क के बारे में कई अहम जानकारियां पुलिस के हाथ लगी हैं। इस पूरे मामले को लेकर अमृतसर के थाना छहर्टा में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस इस रैकेट के वित्तीय लेन-देन, संभावित हवाला कनेक्शन और नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों की पहचान करने के लिए गहनता से तफ्तीश कर रही है, ताकि इस पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
