थिंड आई हॉस्पिटल में नेत्र चिकित्सा के नए रुझानों पर CME आयोजित, 100 से अधिक केमिस्ट-फार्मासिस्ट हुए शामिल

जालंधर/जीवन भास्कर

मॉडल टाउन स्थित थिंड आई हॉस्पिटल में जालंधर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एसोसिएशन (JDCA) और यूनाइटेड फार्मासिस्ट अलायंस सोसाइटी (UPAS) के सहयोग से “इवॉल्विंग ट्रेंड्स इन ऑप्थैल्मोलॉजी” विषय पर विशेष कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जालंधर समेत विभिन्न शहरों से आए 100 से अधिक केमिस्टों और फार्मासिस्टों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता थिंड आई हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं चीफ आई सर्जन डॉ. जे.एस. थिंड ने की, जबकि रेटिना, विट्रियस एवं यूविया विशेषज्ञ डॉ. तेजिंदरपाल सिंह मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ JDCA के अध्यक्ष सुनील डांग और महासचिव कपिल अरोड़ा ने अतिथियों के स्वागत के साथ किया।

अपने संबोधन में JDCA के मुख्य संरक्षक जगदीश चंद्र क्वात्रा ने कहा कि आज केमिस्ट केवल दवा विक्रेता नहीं बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के महत्वपूर्ण सहयोगी बन चुके हैं। उन्होंने ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताया। वैज्ञानिक सत्र के दौरान डॉ. जे.एस. थिंड ने मोतियाबिंद सर्जरी की आधुनिक तकनीकों, मल्टीफोकल लेंस, रिफ्रैक्टिव सर्जरी और नेत्र चिकित्सा में हो रही नवीनतम प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थिंड आई हॉस्पिटल ने वर्ष 1994 में फेको सर्जरी तथा 1997 में 100 प्रतिशत टॉपिकल एनेस्थीसिया तकनीक शुरू कर क्षेत्र में नई पहचान बनाई थी।

वहीं डॉ. तेजिंदरपाल सिंह ने डायबिटिक रेटिनोपैथी, ग्लूकोमा और रेटिना संबंधी बीमारियों के आधुनिक उपचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक मधुमेह रोगी को साल में कम से कम एक बार रेटिना की जांच अवश्य करवानी चाहिए। UPAS के चेयरमैन हरविंदर कमल, अध्यक्ष कमल कांत कालिया और महासचिव नवीन दत्ता ने कार्यक्रम को केमिस्ट एवं फार्मासिस्ट समुदाय के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। डॉ. जे.एस. थिंड ने कहा कि डॉक्टर और केमिस्ट स्वास्थ्य सेवा की एक ही टीम के सदस्य हैं और दोनों के सहयोग से समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

कार्यक्रम में करतारपुर, मैहतपुर, होशियारपुर और नवांशहर से आए प्रतिनिधियों ने भी विशेष रूप से भाग लिया। करतारपुर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान भीम सेन, होशियारपुर के प्रतिनिधि अजय शर्मा तथा नवांशहर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान सतनाम पनेसर ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक बताया।

इस अवसर पर जगदीश चंद्र क्वात्रा, सुनील डांग, कपिल अरोड़ा, हरविंदर कमल, कमल कांत कालिया, नवीन दत्ता, जसविंदर पॉल, राकेश आहूजा, अभिनंदन शर्मा, जसविंदर सिंह सनी, अनिल रत्रा, पंकज गुप्ता, भीम सेन, अजय शर्मा, सतनाम पनेसर, रमेश महेंद्रू सहित JDCA और UPAS के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment