लुधियाना पुलिस की बड़ी कामयाबी : नमित गैंग पर पुलिस का शिकंजा; 300 ग्राम हेरोइन और हथियार के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना  लुधियाना में कारोबारियों को रंगदारी की धमकियां देने वाले गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने बड़ी वारदात से पहले ही आरोपियों की पहचान कर उन पर मामला दर्ज कर दिया है। यूरोप में बैठा गैंगस्टर नमित अपना गिरोह शहर में चला रहा है।

उसके गुर्गे कारोबारियों को धमकाकर और फायरिंग करके उन्हें डराते धमकाते थे। थाना सदर की पुलिस ने नमित शर्मा सहित कुछ अन्य युवकों पर रविवार को मामला दर्ज किया है। ये गैंग लुधियाना समेत पंजाब के विभिन्न हिस्सों में कारोबारियों को टारगेट करता था।

पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, 300 ग्राम हेरोइन और एक कार बरामद की है। गिरोह के तार विदेश में बैठे कथित मास्टरमाइंड से जुड़े बताए जा रहे हैं।

क्राइम ब्रांच के प्रभारी इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम पक्खोवाल रोड स्थित ओमैक्स फ्लैट्स के नजदीक गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि अभिजीत सिंह उर्फ मंड, मानिया साहनी, अंकुश यादव, सुखमन सिंह, युवराज सिंह उर्फ हरमन, नमित शर्मा और अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने मिलकर एक आपराधिक संगठन बना रखा है।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह हथियारों और हेरोइन की सप्लाई का धंधा भी करता था। आरोपी सीमावर्ती क्षेत्रों से हथियार और नशा लाकर पंजाब के अलग-अलग शहरों में सप्लाई करते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभिजीत सिंह उर्फ मंड, मानिया साहनी, अंकुश यादव और सुखमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, मैगजीन, 300 ग्राम हेरोइन तथा सफेद रंग की स्विफ्ट कार (नंबर PB-10-AC-8521) बरामद की गई

अभिजीत सिंह उर्फ मंड का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिजीत सिंह उर्फ मंड (26) निवासी भाई हिम्मत सिंह नगर, दुगरी के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। वह मई 2025 में एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।

पुलिस एफआईआर में हुआ बड़ा खुलासा:-

  • शाम नगर का रहने वाला है गैंग का सरगना: पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार गिरोह का कथित सरगना लुधियाना के श्याम नगर का निवासी नमित शर्मा है, जो फिलहाल यूरोप में रह रहा है। पुलिस का दावा है कि नमित शर्मा के खिलाफ पहले से सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह विदेश में बैठकर गिरोह की गतिविधियों को निर्देशित करता था। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
  • इन लोगों को किया गया नामजद: एफआईआर में भाई हिम्मत सिंह नगर निवासी अभिजीत सिंह उर्फ मंड, जवाहर नगर निवासी मनिया साहनी, भाई हिम्मत सिंह नगर निवासी अंकुश यादव, सुखमन सिंह, शिंगार सिनेमा रोड निवासी युवराज सिंह उर्फ हरमन, नमित शर्मा तथा उनके अन्य अज्ञात साथियों को नामजद किया गया है।
  • नमित गैंग के नाम से जाना जाता ये गिरोह: पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते थे। कई मामलों में कथित तौर पर अपने निशाने पर मौजूद लोगों की संपत्तियों पर फायरिंग कर दहशत का माहौल बनाया जाता था, ताकि उन्हें भारी रकम रंगदारी के रूप में देने के लिए मजबूर किया जा सके। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह नमित गैंग के नाम से जाना जाता है।
  • गिरोह के लोग हथियारों-हेरोइन की सप्लाई में भी शामिल: जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह अवैध हथियारों और हेरोइन की सप्लाई में भी शामिल था। पुलिस के मुताबिक आरोपी सीमावर्ती क्षेत्रों से हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाकर लुधियाना समेत पंजाब के अन्य शहरों में सप्लाई करते थे। यह काम कथित तौर पर गिरोह के सरगना के निर्देशों पर किया जाता था।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(1) (संगठित अपराध), 111(2) (संगठित अपराध से अर्जित संपत्ति), 351(3) (आपराधिक धमकी) और 308(2) (जबरन वसूली), एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29, 61 और 85 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया है।

Share This Article
Leave a comment