अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस टीम ने समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। माननीय पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS), डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) मनप्रीत सिंह ढिल्लों (PPS), एडीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) जयंत पुरी (IPS), एडीसीपी-1 आकर्षी जैन (IPS) और एसीपी (नॉर्थ) अशोक मीना (IPS) के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार की टीम ने 20 जून 2026 को सलेमपुर रोड स्थित ‘आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक’ के बाहर फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायतकर्ता डॉ. संदीप शर्मा (निवासी वीनस वैली, जालंधर) के बयानों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। शिकायत के अनुसार, 20 जून को शनिवार की रात करीब 8:30 बजे उनकी पत्नी डॉ. बिश्वाजीत कौर क्लिनिक बंद करके घर चली गई थीं। इसके बाद 22 जून 2026 को जब उनके भतीजे मोहित बावा ने क्लिनिक का शटर खोला, तो अंदर का शीशा टूटा हुआ मिला, जिस पर गोली लगने और आर-पार होने के साफ निशान थे। इस घटना के संबंध में थाना डिवीजन नंबर 1 जालंधर में मुकदमा नंबर 185 (दिनांक 22/06/2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 324(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग के आरोपी गुरपाल सिंह (पुत्र हरदीप सिंह, निवासी 85 अशोक विहार कॉलोनी, वेरका मिल्क प्लांट के पास, जालंधर) को कानून के मुताबिक गिरफ्तार कर लिया है और उसे माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है।
