श्री हरमंदिर साहिब में श्रद्धालु बच्चे की जान गई: बस का इंतजार कर रहा था, तभी गिरा पेड़ ; SGPC ने जताया शोक

राजप्रीत सिंह। (फाइल फोटो)
अमृतस​र हरियाणा के सिरसा से अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने आए श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में अमृतधारी सिख बालक राजप्रीत सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार सिरसा से 15 श्रद्धालुओं का जत्था रविवार रात करीब 2 बजे श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन के लिए अमृतसर पहुंचा था। यह जत्था रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मुफ्त बस सेवा का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद कई दशक पुराना एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पेड़ की चपेट में आने से भुजंगी राजप्रीत सिंह (13 वर्षीय) गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे थाना अमृतसर के एएसआई बगीचा सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही श्री दरबार साहिब के मैनेजर बिक्रमजीत सिंह समेत शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मृतक के पिता ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है।

सिख मर्यादा का करता था पालन

उन्होंने कहा कि उनका राजप्रीत सिंह छोटी उम्र से ही सिखी के साथ गहराई से जुड़ा हुआ था। राजप्रीत ने कम उम्र में ही अमृत छक लिया था और वह एक अमृतधारी सिख के रूप में गुरसिख जीवन व्यतीत कर रहा था। वह नियमित रूप से गुरबाणी का पाठ करता था, गुरुद्वारा साहिब जाता था और सिख मर्यादा का पालन करता था।

Share This Article
Leave a comment