लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर 3:00 बजे तक इस रूट पर जाने से बचें। किसी भी तरह की असुविधा या जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। सड़क की ताजा स्थिति और रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करें।
कार्यक्रम में आने वाले मेहमानों, आमंत्रित लोगों और सरकारी कर्मचारियों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। साइकिल ट्रैक, फुटपाथ और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन पार्क करने या चलाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को क्रेन की मदद से टो कर लिया जाएगा।
PM विजिट के लिए 2 रूट तैयार
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) दौरे को लेकर प्रधानमंत्री के काफिले का रूट फाइनल कर दिया गया है। प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए राजेंद्र पार्क पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज जाएंगे। पहले रूट के तहत राजेंद्र पार्क से निकलकर पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री आवास के बीच वाले मार्ग से होते हुए विज्ञान पथ के रास्ते सीधे पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेंगे। वहीं, दूसरा वैकल्पिक रूट राजेंद्र पार्क से निकलकर पंजाब के मुख्यमंत्री आवास के बाहर से होते हुए नयागांव की ओर जाने वाली सड़क के रास्ते पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज तक जाएगा
एयरपोर्ट पर भी तैयार किया गया वैकल्पिक सड़क मार्ग
यदि किसी कारणवश हवाई मार्ग का इस्तेमाल संभव नहीं हो पाता है, तो प्रधानमंत्री के लिए एयरपोर्ट से सड़क मार्ग का वैकल्पिक रूट भी तैयार किया गया है। इस रूट के तहत प्रधानमंत्री का काफिला एयरपोर्ट स्थित एयरफोर्स एंट्री से रवाना होगा। इसके बाद एयरपोर्ट चौक, ट्रिब्यून चौक, मध्य मार्ग, ट्रांसपोर्ट चौक और पंजाब राजभवन वाले मार्ग से होते हुए विज्ञान पथ के रास्ते पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेगा।
जल्द होगा सभी रूटों का रिहर्सल
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की टीम चंडीगढ़ पहुंच चुकी है। टीम जल्द ही तीनों प्रस्तावित रूटों का रिहर्सल करेगी। इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजेंद्र पार्क स्थित हेलीपैड को भी तैयार कर दिया गया है। रूट और सुरक्षा व्यवस्था का अंतिम रिहर्सल 16 जुलाई को किया जाएगा।
5,500 लोगों की क्षमता वाला वाटरप्रूफ पंडाल
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) परिसर में करीब 5,500 लोगों की क्षमता वाला वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने संभाल ली है।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस तथा डॉग स्क्वायड की टीमें जांच कर रही हैं। सुरक्षा कारणों के चलते शहर में नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया जाएगा और ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
पीजीआई के तीन प्रोजेक्ट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान पीजीआई के एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर, एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा, वे 1,983 करोड़ रुपए की लागत वाली जीरकपुर-पंचकूला बाईपास परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर शहर में सड़कों की मरम्मत, सफाई, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण के कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।
