जालंधर में अवैध शराब माफिया पर पुलिस का शिकंजा, 126 बोतलें बरामद

मौके पर जांच करते हुए टीम।
जालंधर जालंधर में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक घर में चल रहे अवैध शराब के कारोबार का पर्दाफाश किया है। मंगलवार को छापेमारी के दौरान मौके से अलग-अलग ब्रांड की करीब 126 बोतलें और 10 से 12 पेटियां बरामद की गईं। पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस और आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि न्यू रसीला नगर स्थित एक मकान में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी इंस्पेक्टर और स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अंदर से अलग-अलग मशहूर ब्रांड की देसी और अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। कमरों और बोरियों में छिपाकर रखी गई करीब 10 से 12 पेटियों से कुल 126 बोतलें शराब की मिलीं।

जालंधर में पुलिस और एक्साइज विभाग का एक्शन। - Dainik Bhaskar

आरोपी हिरासत में, पुराने रिकॉर्ड की भी जांच जारी

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी को हिरासत में ले लिया। आबकारी विभाग की टीम बरामद शराब की पेटियों और बोरियों की गिनती कर पूरी सूची तैयार कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मकान में अवैध शराब की सप्लाई कहां से की जा रही थी और आरोपी के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।

अवैध कारोबार पर कसेगा शिकंजा

क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह अवैध रूप से शराब बेचे जाने से माहौल खराब हो रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि इलाके में अवैध शराब की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Share This Article
Leave a comment