इसी बंद के दौरान अमृतसर में भंडारी पुल पर तैनात एंटी राइट पुलिस (ARP) के जवान रणबीर सिंह की मौत हो गई। वह इमरजेंसी कॉल पर घर जा रहे थे। इसी दौरान भंडारी पुल पर लगाई रस्सी में उनका गला फंस गया और वह स्कूटी से गिर गए। रस्सी से गला घुटने से उनकी मौत हो गई। भंडारी पुल को प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया गया है। यहां से लोगों को नहीं निकलने दिया जा रहा। वाल्मीकि समाज के लोग रॉड, डंडे लेकर खड़े हैं जो लोगों को आवाजाही करने से रोक रहे हैं।
पठानकोट में सफाईकर्मियों ने निगम दफ्तर पर ताला लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यहां रैली निकालकर दुकानों को जबरन बंद करवाने की चेतावनी दी गई है। वहीं, जालंधर में बंद का असर नहीं है, लेकिन सफाईकर्मी निगम परिसर में धरना लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बंद का असर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। इसके बाद स्थिति सामान्य होगी। लुधियाना, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का, कपूरथला, अमृतसर, पटियाला, पठानकोट और गुरदासपुर की विभिन्न संस्थाओं ने बंद को समर्थन दिया है।
यूनियन नेताओं का दावा है कि कार्रवाई में कई सफाई कर्मचारी घायल हुए और उनके सिर फोड़ दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने महिला सफाई कर्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने बरनाला के DSP के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।








