जालंधर– जालंधर में आज खराब बस को बचाने के चक्कर में पीछे से आ रहे कंटेनर और टिप्पर की टक्कर हो गई। टिप्पर फ्लाईओवर से नीचे गिरकर पलट गया। हादसे में टिप्पर ड्राइवर का हाथ फ्रैक्चर हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
जानकारी के अनुसार, जेसी रिसॉर्ट के पास फ्लाईओवर पर एक बेकाबू टिप्पर अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया और पलट गया। हादसे में राहगीर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


तेज रफ्तार कंटेनर ने खड़ी बस को टक्कर मार दी
टिप्पर ड्राइवर दिलजिंदर सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर पर ननकाना साहिब नाम की एक बस काफी समय से खराब हालत में खड़ी थी। बस ड्राइवर ने सुरक्षा के लिहाज से वहां कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगाए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने खड़ी बस को टक्कर मार दी।
टिप्पर भी अनियंत्रित होकर पलट गया
कंटेनर की टक्कर के बाद पीछे आ रहा टिप्पर भी अनियंत्रित होकर बस से जा टकराया। संतुलन बिगड़ने से टिप्पर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे जा गिरा। टिप्पर के नीचे गिरते ही वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में ड्राइवर दिलजिंदर सिंह की बाजू फ्रैक्चर हो गई, जबकि टिप्पर को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस ने क्रेन की मदद से नीचे पलटे टिप्पर और फ्लाईओवर पर खड़ी खराब बस को हटवाया।
दोबारा सुचारू कराया यातायात
हादसे के कारण बाधित हुए यातायात को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोबारा सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापरवाही बरतने वाले बस चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

