फगवाड़ा: फगवाड़ा के मुख्य नेशनल हाईवे पर स्थित शुगर मिल पुल पर वीरवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां एक के बाद एक तीन मालवाहक वाहन (कैंटर, ट्राला और ट्रक) आपस में बुरी तरह टकरा गए। इस जोरदार टक्कर के कारण पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे में एक ट्राला चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुगर मिल पुल पर पहले से एक कैंटर खराब हालत में खड़ा था। इसी बीच पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्राला, जो होशियारपुर से झारखंड के रांची की ओर जा रहा था, खड़े कैंटर को नहीं देख पाया और उससे जोरदार तरीके से जा टकराया। अभी यह हादसा हुआ ही था कि कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक भी अनियंत्रित होकर ट्राले से भिड़ गया। इस तरह तीनों वाहन पुल के बीचों-बीच क्षतिग्रस्त हालत में फंस गए।
क्षतिग्रस्त कैंटर के चालक बिंदर ने बताया कि उसका वाहन खराब होने के कारण उसने उसे सड़क किनारे पार्क किया था, लेकिन ट्राले ने पीछे से आकर टक्कर मार दी, जिससे यह भयानक हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस पार्टी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने जनता की मदद से घायल ट्राला चालक को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क के बीच से हटवाकर यातायात को सुचारु करवाया।

