जालंधर– जालंधर के पास फिल्लौर में जीटी रोड पर स्थित वैष्णों ढाबे के पास तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चोकर (चूरे) से भरा एक कैंटर अज्ञात वाहन द्वारा कट मारे जाने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) ने यातायात बहाल कराया और मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
यह हादसा आज तड़के लगभग पौने 3 बजे जीटी रोड गोराया-फिल्लौर मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और ड्राइवर के अनुसार, कैंटर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था कि तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे गलत तरीके से कट मार दिया। अज्ञात वाहन से टकराने से बचाने के प्रयास में कैंटर चालक ने अपने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बेकाबू कैंटर सीधे सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। हादसे के तुरंत बाद आरोपी वाहन चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे की चपेट में आने से कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। कैंटर चालक की पहचान जतिंदर कुमार (पुत्र रोशन लाल), निवासी नसरा बंधना, चब्बेवाल (होशियारपुर) के रूप में हुई है। घटना के वक्त कैंटर में चोकर (चूरा) भरा हुआ था, जो हादसे के कारण सड़क पर बिखर गया।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद तीन अन्य वाहन चालकों ने इंसानियत दिखाते हुए घायल चालक जतिंदर कुमार को बाहर निकाला और बिना देर किए इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में चालक की टांग पर बेहद गंभीर चोटें आई हैं। उसके पैर में कई टांके लगाए गए हैं, लेकिन समय पर इलाज मिलने के कारण अब उसकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है।
हादसे की जानकारी मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। SSF अधिकारियों ने घटनास्थल पर बैरिकेडिंग करके सड़क पर फैले मलबे और क्षतिग्रस्त कैंटर को किनारे करवाया, ताकि हाईवे पर जाम न लगे और यातायात सुचारू रूप से चल सके। सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने पूरी घटना की लिखित जानकारी थाना फिल्लौर की पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
