नकोदर- जालंधर जिले के नकोदर से आज मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 3 बसें रवाना हुईं। विधायक इंद्रजीत कौर मान ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।पंजाब सरकार द्वारा संचालित यह योजना लोगों को विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। विधायिका मान ने इस योजना को जन-कल्याणकारी पहल बताया, जो आर्थिक रूप से असमर्थ लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालु आर्थिक तंगी के कारण दूर-दराज के धार्मिक स्थलों की यात्रा नहीं कर पाते। यह योजना ऐसे लोगों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाकर उन्हें आत्मिक शांति प्रदान करना है।
ऋषिकेश और हरिद्वार की यात्रा करेंगे श्रद्धालु
इन बसों में सवार श्रद्धालु वृंदावन, श्री खाटू श्याम, ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्रों के दर्शन करेंगे। नकोदर के निवासी वृंदावन और श्री खाटू श्याम के लिए रवाना हुए हैं, जबकि नूरमहल के निवासी ऋषिकेश और हरिद्वार की यात्रा पर गए हैं।

श्रद्धालुओं के साथ विधायक इंद्रजीत कौर।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर नगर काउंसिल नकोदर के प्रधान परदीप सिंह, रमेश सोंधी, संजीव कुमार आहूजा, जतिंदर सिंह नूरपुरी और सुखविंदर कौर शेरपुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
