अमृतसर– पंजाब में मंगलवार को आम आदमी पार्टी की ओर से भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। अमृतसर के हाथी गेट स्थित राज्यसभा सांसद और BJP नेता तरुण चुघ के आवास के बाहर आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
AAP नेताओं का कहना है कि 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले में दोषी ठहराए गए सज्जन कुमार की मौत पर BJP के तीन सांसदों का उनके अंतिम संस्कार में पहुंचना सवाल खड़े करता है। पार्टी नेताओं ने BJP से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।

अमृतसर में AAP नेता सोनिया मान की अगुआई में प्रदर्शन कर रहे हैं।
AAP ने BJP से 1984 दंगों पर रुख स्पष्ट करने को कहा
अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से AAP विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि BJP की ओर से वोट बैंक की राजनीति की जा रही है। 1984 में दिल्ली में हुए सिखों के कत्लेआम से जुड़े मामले में सज्जन कुमार को दोषी ठहराया गया था। उन्हें उम्रकैद की सजा हुई थी। ऐसे में उनकी मौत पर BJP नेताओं का शोक व्यक्त करने के लिए पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।
अजय गुप्ता ने BJP से सवाल किया कि पार्टी सिखों के साथ खड़ी है या उनके विरोध में। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर सिखों की हत्या और परिवारों को उजाड़ने के आरोप लगे हैं, BJP को उनके संबंध में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

AAP बोली- BJP का पंजाब विरोधी चेहरा सामने आया
AAP विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि AAP आज यह जानना चाहती है कि BJP सिखों के साथ है या उनके विरोध में। समय-समय पर BJP का पंजाब विरोधी चेहरा सामने आता रहा है। BJP को 1984 के मामलों से जुड़े लोगों को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
