जालंधर में सेहत विभाग का बड़ा एक्शन: त्योहारी सीजन से पहले 4 क्विंटल संदिग्ध पनीर जब्त, लैब भेजे गए सैंपल

जालंधर: त्योहारी सीजन की आहट के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी के खिलाफ सेहत विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए डिप्टी कमिश्नर और सिविल सर्जन के कड़े निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग ने शहर में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने जालंधर में दो अलग-अलग जगहों पर बड़ी छापेमारी कर कुल 4 क्विंटल (400 किलोग्राम) संदिग्ध पनीर जब्त किया है।

पहली कार्रवाई रामामंडी चौक के पास की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर सेहत विभाग की टीम ने पनीर ले जा रही एक गाड़ी को रोका। जांच के दौरान गाड़ी से करीब 1.5 क्विंटल पनीर बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि यह खेप बठिंडा की एक डेयरी से मात्र 240 रुपये प्रति किलो के सस्ते भाव पर खरीदी गई थी और इसे आदमपुर व होशियारपुर की विभिन्न दुकानों में सप्लाई किया जाना था। विभाग के अधिकारी हरजिंदर पाल सिंह ने बताया कि मौके पर पनीर के सैंपल लेकर तुरंत जांच के लिए सरकारी लैब भेज दिए गए हैं।

वहीं, दूसरी कार्रवाई गोल्डन एवेन्यू इलाके में की गई, जहां एक घर के बाहर भारी मात्रा में पनीर उतारे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गाड़ी से 2.5 क्विंटल पनीर जब्त किया। यह पनीर भी बेहद सस्ते दामों पर लाकर जालंधर शहर के स्थानीय रेस्टोरेंट्स और दुकानों में खपाने की तैयारी थी।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों जगहों से जब्त किए गए कुल 4 क्विंटल पनीर की गुणवत्ता बेहद संदिग्ध प्रतीत हो रही है। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा चुके हैं, जिनकी रिपोर्ट अगले दो दिनों में आने की उम्मीद है। सेहत विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि लैब रिपोर्ट में पनीर की गुणवत्ता मानकों के विपरीत या मिलावटी पाई जाती है, तो पूरे स्टॉक को तुरंत नष्ट कर दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही विभाग ने आगामी दिनों में शहर के ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर भी जांच का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया है और आम जनता से अपील की है कि वे अत्यधिक सस्ते व घटिया खाद्य उत्पादों से परहेज करें।

Share This Article
Leave a comment