जालंधर पहुंचे शाही इमाम ने मांगी 4 विधानसभा सीटें: हज कमेटी घोटाले पर केंद्र को घेरा

जालंधर पहुंचे शाही इमाम और उनके साथ एडवोकेट नईम खान।
जालंधर- पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी सानी लुधियानवी और मुस्लिम डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन अब्दुल बारी सलमानी सोमवार को जालंधर के अवतार नगर में पहुंचे। शाही इमाम ने मुस्लिम समाज की मांगों, पंजाबी भाषा के महत्व, शिक्षा के स्तर और केंद्रीय हज कमेटी में हो रहे घपलों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। शाही इमाम ने पंजाब सरकार से मांग की कि मुस्लिम समुदाय का घटा हुआ राजनीतिक प्रतिनिधित्व पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मालवा समेत कई ऐसे हलके हैं जहां मुस्लिम उम्मीदवार जीत दर्ज कर सकते हैं, इसलिए आने वाले चुनावों में कम से कम 3 से 4 विधानसभा टिकट मुस्लिम समाज को दिए जाने चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने आपसी भाईचारे और पंजाबी भाषा को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि धर्म और गोत्र अलग हो सकते हैं, लेकिन एक ही मिट्टी और मातृभाषा हमें आपस में जोड़ती है। उन्होंने इमामों से भी अपनी बातचीत और उपदेश पंजाबी भाषा में देने की अपील की।

शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की बात करते हुए उन्होंने कहा कि केवल कब्रिस्तानों की नहीं, बल्कि जीवित लोगों के बेहतर भविष्य की बात भी होनी चाहिए। वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर कब्जे होने और आमदनी कम होने के कारण बड़े प्रोजेक्ट रुके हुए हैं।  उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि विधानसभा में बिल लाकर मुस्लिम और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाने के लिए 5-5 करोड़ रुपए का विशेष फंड जारी किया जाए।

जालंधर पहुंचे शाही इमाम और उनके साथ एडवोकेट नईम खान। - Dainik Bhaskarपंजाब के मुद्दों पर विचार रखते पंजाब के शाही इमाम।

हज कमेटी का ठेका एक ही कंपनी को देना गलत

केंद्र सरकार की हज कमेटी पर शाही इमाम ने आरोप लगाया कि पिछले चार सालों से एक ही कंपनी को बार-बार ठेका दिया जा रहा है, जो हजारों करोड़ रुपए का घोटाला कर रही है और हाजी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने केंद्र से मांग की कि इस कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्लिम समाज ने कभी हज पर सब्सिडी नहीं ली, पिछली सरकारें सब्सिडी के नाम पर पैसा एयर इंडिया को देती थीं। अगर हज कमेटी सुविधाएं नहीं दे सकती तो इसे भंग कर दिया जाए, लोग उमराह की तरह प्राइवेट तौर पर भी हज यात्रा कर सकते हैं। अंत में उन्होंने बताया कि सभी जिलों के मुस्लिम नेताओं को अपनी स्थानीय मांगों की सूची बनाकर सरकार तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment