जालंधर के अजीत नगर गुरुद्वारा साहिब के बाहर हथियारबंद संदिग्धों की हलचल, ACP राजेश ठाकुर बोले— जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के नकोदर चौक स्थित अजीत नगर के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के बाहर देर रात दो संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियार (दातर) लेकर घूमने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी सेंट्रल (पीपीएस) राजेश ठाकुर ने बताया कि गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से पुलिस को एक औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत के अनुसार, 1 सितंबर 2026 की तड़के करीब 1:45 बजे दो अज्ञात व्यक्ति हाथों में दातर लिए गुरुद्वारा परिसर के बिल्कुल बाहर संदिग्ध हालात में दिखाई दिए।

घटना के वक्त वहां तैनात गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों की नजर जैसे ही दोनों संदिग्धों पर पड़ी, उन्होंने तुरंत उन्हें आवाज लगाई। सेवादारों की ललकार सुनते ही दोनों आरोपी घबरा गए और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। एसीपी राजेश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। इलाके और गुरुद्वारा साहिब के बाहर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि दोनों संदिग्धों के चेहरे, आने-जाने के रूट और उनकी पहचान का सुराग लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share This Article
Leave a comment