जालंधर: तस्कर के घर पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस, फरार बताए जा रहे आरोपी ने बाहर निकलकर छुए अधिकारियों के पैर

जालंधर ब्यूरो :- जालंधर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियानों के तहत एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम तस्कर विक्रम सिंह उर्फ लक्की (पुत्र मनजीत सिंह) के घर पर पीला पंजा चलाने यानी अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने पहुँची थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी तस्कर लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट, मारपीट और एनपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कुल 12 संगीन मामले दर्ज हैं।

जब भारी पुलिस बल और निगम अधिकारी हाउस नंबर 1026 पर पहुंचे, तो उन्हें उम्मीद नहीं थी कि आरोपी घर के अंदर मिलेगा। लेकिन जैसे ही पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, वांटेड तस्कर अचानक घर से बाहर निकला और पुलिस अधिकारियों के पैर छूने लगा। इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर मौजूद सभी अधिकारी हैरान रह गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। हालांकि, इस ड्रामे के बाद फिलहाल तस्कर के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई को रोक दिया गया है, और पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है

Share This Article
Leave a comment