प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मामले को शांत कराने और दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने के उद्देश्य से हरपाल मिंटू मौके पर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने हरपाल मिंटू पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लोगों ने घायल मिंटू को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे मिंटू
गौरतलब है कि हरपाल मिंटू हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। उन्हें पार्टी नेता नितिन कोहली ने आप में शामिल कराया था। राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े व्यक्ति पर हुए इस हमले के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। हालांकि, हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

