BREAKING: जालंधर के गुरुद्वारे में बेअदबी, महिला ने फाड़ा गुटका साहिब; संगत में रोष

सगवाल गांव स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में यह घटना हुई है।
जालंधर जालंधर के सगवाल गांव स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में एक महिला ने गुटका साहिब के पन्नों की बेअदबी की। घटना के बाद गांववालों ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। किशनगढ़ चौकी पुलिस ने आरोपी महिला राधिका के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गांव की सरपंच प्रवीण कुमारी ने बताया कि महिला गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुई और अंदर घुसते ही तालियां बजाने लगी। इससे गुरुद्वारा साहिब के अंदर मौजूद बच्चे डर गए। महिला ने इसके बाद गुटका साहिब को पकड़कर उसके पन्नों को फाड़ दिया। बच्चों ने बाहर आकर गांववालों को बेअदबी की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने महिला को पकड़ लिया।

सरपंच ने यह भी बताया कि महिला को पहली बार गांव में देखा गया था। जब उससे पूछताछ की गई तो वह किसी दूसरी भाषा में बात करने लगी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस आरोपी महिला को थाने ले गई।

किशनगढ़ चौकी इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में एक महिला ने गुटका साहिब के पन्नों को फाड़कर बेअदबी की है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। यह घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे हुई है।

हेड ग्रंथी ने पुलिस को बताया कि वह सुख आसन के बाद बाथरूम गए थे। उस समय गुरुद्वारा साहिब में बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान महिला ने अंदर आकर गुटका साहिब की बेअदबी की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि हेड ग्रंथी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला से पूछताछ शुरू कर दी गई है।

 
Share This Article
Leave a comment