इससे पहले दावा किया गया था कि जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ है। वह परिवार के साथ ही गाड़ी में मौजूद थे। हादसे में उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस भी फिलहाल इस मामले में खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
जानिए क्या बोले बूटा मुहम्मद
“सत श्री अकाल, नमस्कार, आदाब दोस्तों! मैं आपका अपना पंजाबी लोक गायक बूटा मोहम्मद और मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैं बिल्कुल ठीक-ठाक और तंदुरुस्त हूं। मैं उन सभी भाइयों का बहुत-बहुत शुक्रगुजार हूं, जिनके मुझे हजारों की तादाद में फोन और कॉल्स आई हैं।
यह फेक न्यूज: मेरे एक्सीडेंट होने की जो खबर फैलाई जा रही है, वह पूरी तरह से फेक न्यूज है और मैं इसका खंडन करता हूं। मैं सभी न्यूज चैनलों से गुजारिश करता हूं कि खबर चलाने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच-पड़ताल कर लिया करें, उसके बाद ही खबर प्रसारित करें। मैं उन सभी प्रशंसकों का दिल से आभारी हूं जिन्होंने मुझे फोन करके चिंता जताई कई लोगों ने तो रो-रोकर फोन किए और कइयों ने हाल-चाल जानने के लिए कॉल की।
मैं अपने घर पर पूरी तरह ठीक हूं: मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैं अपने घर पर पूरी तरह ठीक हूं, मेरी गाड़ी भी ठीक है और मेरा परिवार भी बिल्कुल ठीक-ठाक है। जिन लोगों ने भी यह फर्जी खबर चलाई है, मैं उनसे अपील करता हूं कि वे इसे तुरंत डिलीट कर दें ताकि मुझे प्यार करने वालों को दुख न पहुंचे। कृपया ऐसी झूठी खबरें न चलाएं, अपना ख्याल रखें और ईश्वर आप सभी को हमेशा चढ़दी कलां में रखे, सत श्री अकाल।”

हादसे को लेकर ये दावा किया गया था…
परिवार के साथ जालंधर की ओर आ रहे थे गायक
पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर सुच्ची पिंड स्थित इंडियन ऑयल डिपो के पास हुआ था। सोमवार शाम को पंजाबी सूफी गायक बूटा मोहम्मद अपने परिवार के साथ फगवाड़ा से जालंधर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रॉले ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, हादसे में बूटा मोहम्मद और उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच मौके पर ही बहस शुरू हो गई।
ट्रॉला ड्राइवर नुकसान का मुआवजा देने के लिए तैयार था, जबकि गायक का परिवार अनहोनी को लेकर बहस कर रहा था। हंगामा होता देख मौके पर राहगीर भी रुक गए। हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई। इसके बाद मामले की सूचना थाना रामामंडी पुलिस को दी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया
रामामंडी थाने के ASI सुरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया। इसके लिए क्रेन मंगवाई गई थी। इससे हाईवे पर प्रभावित यातायात को दोबारा सुचारू कराया जा सका।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू की। वहीं, हंगामा कर रहे दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया। पुलिस की मौजूदगी में आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया।
कौन हैं बूटा मोहम्मद
बूटा मोहम्मद कपूरथला जिले के फगवाड़ा के रहने वाले हैं। वह पंजाब के प्रसिद्ध सूफी गायक हैं और प्रतिष्ठित संगीत परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता दिवंगत सरदार मोहम्मद भी जाने-माने गायक और संगीतकार थे।
बूटा मोहम्मद ने पिता और चाचा के मार्गदर्शन में शास्त्रीय और सूफी संगीत की शिक्षा हासिल की। उन्होंने वर्ष 1996 में गायन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने पंजाबी संगीत जगत में कई लोकप्रिय गीत दिए। ‘झंझरा’, ‘दिल्लगी’, ‘बोतलां च पानी’ और ‘गाबरू दे मोड्या’ उनके चर्चित गीतों में शामिल हैं।

