

आढ़त की दुकान की ओर जा रहे थे सरपंच
तरनतारन के पट्टी क्षेत्र के DSP रवि शेर सिंह ने बताया है कि तूत गांव के सरपंच अश्वनी कुमार उर्फ अश्वनी देवगन को गोलियां मारी गई हैं। उनके साथ मौजूद उनके साथी ड्राइवर चमकौर सिंह को भी गोलियों के छर्रे लगे, जिससे वह भी घायल हुआ है।
चमकौर सिंह ने पुलिस को बताया है कि सरपंच अश्वनी कुमार अपनी इनोवा कार (PB08CU-5445) में सवार होकर एक किराना दुकान स्टोर से निकल कर अपनी आढ़त की दुकान की ओर जा रहे थे। उनकी आढ़त की दुकान दाना मंडी तूत में है। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 लोग आए। उन्होंने फायरिंग कर दी।

चेहरा छिपाकर आए थे हमलावर
घायल चमकौर सिंह का कहना है कि हमलावर अपना चेहरा ढंक कर आए थे, इसलिए उनकी पहचान नहीं हो पाई। उन्होंने गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसे गाड़ी के शीशे टूट गए और सरपंच को 3 गोलियां लगीं। जबकि, हमलावर वहां से बाइक लेकर भाग गए।
चमकौर ने बताया कि सरपंच के साथ वह भी मौजूद थे, इसलिए उसे गोलियों के छर्रे लगे। इससे वह खुद भी लहूलुहान हो गए। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी और अपनी गाड़ी से सरपंच और चमकौर को अस्पताल पहुंचाया।

पत्नी बोली- कोई गैंग धमकियां दे रहा था
वहीं, सरपंच की पत्नी परवीन कुमारी ने बताया कि उनके परिवार को कुछ समय से धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि सरपंच से 50 लाख रुपए मांगे जा रहे थे। नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी जा रही
थी। परवीन कुमारी ने बताया कि ये धमकियां कोई गैंग दे रहा था। इस बारे में उन्होंने पति अश्वनी कुमार से पूछा भी था, लेकिन उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी। हालांकि, सरपंच अश्वनी कुमार को धमकी देने वालों की जानकारी थी।

सरपंच के दिल में गोली लगी
DSP के मुताबिक, सरपंच के दो गोलियां इधर-उधर लगीं, लेकिन एक गोली सीधी दिल पर आकर लगी, जिससे सरपंच की मौत हो गई। गोलियां लगने से खून काफी बह गया था। उन्होंने बताया कि अश्वनी कुमार आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता थे। DSP ने कहा कि चमकौर सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है। अज्ञात हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

