जालंधर- जालंधर के लोहियां खास थाना पुलिस ने फिरौती मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आज तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और नौ कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव मंडाला निवासी सुनील उर्फ जीऊणा, सलीम मसीह उर्फ बंटी और गांव कुतबीवाल निवासी सुखमन उर्फ सुख्खा के रूप में हुई है।
डीएसपी सरवन सिंह बल ने बताया कि पुलिस टीम ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल, मैगजीन समेत सात कारतूस, एक .315 बोर देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
रिमांड में जुटाई जाएगी गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी
तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों, फिरौती से जुड़े मामलों और अवैध हथियारों के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है।
