अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने एटीएम (ATM) के जरिए भोले-भाले लोगों के साथ धोखाधड़ी कर पैसे निकालने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर जालंधर के दिशा-निर्देशों और उच्च अधिकारियों (ADCP जोन-2 राकेश यादव और ACP वेस्ट आतिश भाटिया) की देखरेख में, थाना बस्ती बावा खेल के मुख्य अफसर एसआई (SI) जय इंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने नाकाबंदी और गश्त के दौरान एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई 2 जुलाई 2026 को उस समय अमल में लाई गई जब पुलिस टीम वरियाणा मोड़ से लैदर कॉम्पलेक्स रोड पर गश्त कर रही थी। बस्ती पीरदाद रोड पर स्थित एचडीएफसी (HDFC) बैंक के एटीएम के पास एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा दिखाई दिया, जिसे शक के आधार पर काबू कर जब पूछताछ की गई, तो उसकी पहचान अमरीक सिंह उर्फ विक्की पुत्र गुरदीप सिंह (निवासी ईस्ट एन्क्लेव, काला संघियां रोड, जालंधर) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पलास, एक चाकू, एक मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, एक पर्स, 4 फेवीक्विक की ट्यूब और एक टेप बरामद की गई। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर एटीएम में आने वाले सीधे-साधे लोगों को झांसा देकर और मशीनों से छेड़छाड़ कर पैसे उड़ाता था। आरोपी ने अपने फरार साथी की पहचान संदीप उर्फ पिप्पा (निवासी वरियाणा, जालंधर) के रूप में बताई है। पुलिस ने इस संबंध में थाना बस्ती बावा खेल में मुकदमा नंबर 166, धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है और दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
