जालंधर– जालंधर की युवती की ओमान में मौत के बाद पुलिस ने ट्रैवल एजेंट पर धोखेधड़ी से भेजने सहित अन्य धारओं में FIR दर्ज की है। आवादपुरा की युवती अंकिता (23) 2 अक्टूबर 2025 को ओमान गई थी। 3 दिन बाद परिवार का उससे संपर्क टूट गया। 24 अप्रैल 2026 को सहेली का फोन आया कि अंकिता की मौत हो गई है। इसके बाद परिवार ने ट्रैवल एजेंट जरकरण सिंह के खिलाफ थाना आबादपुरा में केस दर्ज करवाया। पुलिस ने धारा 143 जालसाजी, धारा 318 (4) धोखाधड़ी , धारा 61 (2) आपराधिक षड्यंत्र में केस दर्ज किया है। रविवार देर शाम युवती का शव ओमान से जालंधर लाया गया। इसके बाद परिवार ने शव के साथ रोष प्रदर्शन किया था जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। ट्रैवल एजेंट की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
जानें कैसे ट्रेवल एजेंट के जाल में फंसी युवती
- विज्ञापन देख पहुंची-विदेश भेजने का झांसा दिया- अंकिता का परिवार सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर जालंधर स्थित जे.आर. एंटरप्राइजेज के एजेंट जसकरण सिंह और आशा रानी के संपर्क में आया था। एजेंट ने अंकिता को ओमान में घरेलू काम दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि उसे वहां 30 हजार रुपए वेतन मिलेगा। इस सौदे के बदले परिवार ने एजेंट को 71 हजार रुपए और अंकिता का पासपोर्ट सौंप दिया।
- ओमान पहुंचते ही छीना लिया गया पासपोर्ट-एजेंट ने शुरुआत में शारजाह भेजने की बात कही थी, लेकिन बाद में ओमान का वीजा लगा दिया। 2 अक्टूबर 2025 को अंकिता दिल्ली से ओमान के लिए रवाना हो गई। वहां पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद अंकिता ने फोन पर बताया कि उसका फोन छीन लिया गया है और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित (टार्चर) किया जा रहा है।
- फिरौती की मांग की, परिवार से संपर्क टूटा- एजेंटों की सच्चाई तब सामने आई जब उन्होंने अंकिता को वापस भारत भेजने के बदले परिवार से 3.70 लाख रुपए की मांग की। पिछले 7 महीनों से न तो अंकिता को कोई वेतन दिया गया और न ही उसे घर आने दिया गया। 22 अप्रैल के बाद से अंकिता का अपने परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया था।
- 24 अप्रैल को मौत की खबर मिली- 24 अप्रैल को अंकिता की सहेली अमन ने परिवार को फोन कर उसकी मौत की सूचना दी। बेटी का शव पंजाब पहुंचने पर गुस्साए परिजनों ने आबादपुरा सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि अंकिता की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसके लिए सीधे तौर पर ट्रैवल एजेंट जिम्मेदार हैं।

परिवार ने शिकायत दी, पुलिस ने दर्ज की FIR प्रदर्शन के बाद पुलिस और डिप्टी मेयर सुभाना मौके पर पहुंचे। अंकिता की मां मोनिका के बयानों के आधार पर पुलिस ने थाना 6 में एजेंट जसकरण सिंह और आशा रानी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर मौत के असली कारणों का पता लगाकर आगे की गिरफ्तारी की जाएगी।
