जालंधर ED दफ्तर पहुंचे MLA रमन अरोड़ा, 9 दिन में दूसरी बार पूछताछ: फरीदकोट से पूर्व कांग्रेस MLA किक्की ढिल्लों भी हुए पेश

जालंधर सेंट्रल से आप विधायक रमन अरोड़ा ईडी दफ्तर में पेश होने के लिए जाते हुए।
जालंधर- जालंधर ईडी (ED) में आज सेंट्रल हल्के से आप विधायक रमन अरोड़ा और फरीदकोट से कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह उर्फ किक्की ढिल्लों पेश हुए। ईडी दफ्तर जाने से पहले रमन अरोड़ा ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। 2 जून को भी ED अधिकारियों ने अरोड़ा से लगभग 9 घंटे पूछताछ की थी। रमन अरोड़ा पर आय से अधिक संपत्ति का केस है। इस मामले में उन्हें पहले पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार भी किया था।

रमन अरोड़ा जालंधर सेंट्रल से विधायक हैं। उन पर दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों से वसूली करने के आरोप भी लगे हैं। पंजाब विजिलेंस की ओर से विधायक के खिलाफ दर्ज FIR को आधार बनाकर ED ने मनी लांड्रिंग को लेकर जांच शुरू की है।

इसी तरह से फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस विधायक कुशलदीप सिंह उर्फ किक्की ढिल्लों 8 दिन में दूसरी बार पेश हुए। दस्तावेजों का मोटा बंडल हाथ में लिए किक्की सुबह 11 बजे के करीब ED दफ्तर पहुंचे। इससे पहले 4 जून को उनसे जालंधर ED ने 9 घंटे पूछताछ की थी। ईडी के सवालों का जवाब देकर बाहर निकलने पर पूर्व विधायक ने कहा था कि ईडी ने उनके साथ सहयोग किया है।

जालंधर सेंट्रल से आप विधायक रमन अरोड़ा ईडी दफ्तर में पेश होने के लिए जाते हुए। - Dainik Bhaskar

दरअसल, किक्की ढिल्लों के खिलाफ मई 2023 में विजिलेंस ब्यूरो ने केस दर्ज किया था। इसके बाद उनको अरेस्ट किया गया था। इसी मामले को लेकर जालंधर ईडी अधिकारियों ने किक्की ढिल्लों के लिए सवालों की लिस्ट तैयार की थी। इसके मुताबिक उनसे पूछताछ की गई थी।

पिछली बार ईडी समक्ष पेश होने के बाद ढिल्लों ने कहा था कि अभी उनका मामला कोर्ट में चल रहा है, इसलिए वह इस पर कुछ ज्यादा नहीं बता पाएंगे। जालंधर ईडी ने आय से संबंधित कुछ डॉक्यूमेंट मांगे थे, जो उनको सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत की न्याय व्यवस्था पर उनको पूरा भरोसा है। उनको विश्वास है कि कोर्ट से उनको इंसाफ मिलेगा।

Share This Article
Leave a comment