मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए तरनतारन के एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी जितेंद्र उर्फ अजय सरहाली क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पूरे इलाके में विशेष नाकेबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान जब बाइक सवार एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया, तो आरोपी ने पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों के लिए करता था काम
एसएसपी लांबा के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी जितेंद्र उर्फ अजय पट्टी, हरिके और सरहाली थानों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित था। वह फिरौती, रंगदारी और शूटआउट जैसी वारदातों में शामिल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर काम करता था और पंजाब में आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था।


फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य किए जुटाए, सीनियर अधिकारी मौके पर पहुँचे
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी सुरिंदर लांबा, एसपी (इ इन्वेस्टिगेशन) डॉ. रिपुतापन सिंह, डीएसपी रविशेर सिंह और सीआईए इंचार्ज रूपेंद्रपाल सिंह सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत क्राइम सीन पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और फिंगरप्रिंट एकत्र किए हैं।
हथियार और बाइक जब्त, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध हथियार और इस्तेमाल की गई बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस पर जानलेवा हमला करने के आरोप में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का नया मामला दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से अस्पताल में उपचार के बाद सख्त पूछताछ की जाएगी, ताकि विदेश में बैठे गैंगस्टरों के पूरे नेटवर्क और उसके अन्य साथियों का पर्दाफाश किया जा सके।

