जालंधर। सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लाडोवाली रोड में नशे के विरुद्ध जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्कूल की प्रिंसिपल मनिंदर कौर की अगुआई में सुबह की असेंबली के दौरान आयोजित हुआ।
सेमिनार में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान से पहुंची टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है।
ब्रह्माकुमारी टीम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में सफलता हासिल करने का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों को रक्षाबंधन के त्योहार को भी सार्थक तरीके से मनाने की प्रेरणा दी गई। विद्यार्थियों से कहा गया कि इस बार अपने सगे-संबंधियों से उपहार लेने के बजाय उन्हें नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाने का प्रयास करें।
स्कूल की प्रिंसिपल मनिंदर कौर ने ब्रह्माकुमारी संस्थान की टीम द्वारा किए गए इस जागरूकता प्रयास की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्कूल इंचार्ज लेक्चरार नरेश कुमार, मिस्ट्रेस रमेश रानी, लेक्चरार एकबाल सिंह रंधावा सहित स्कूल का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।
