अखंड केसरी ब्यूरो :- पटियाला पुलिस ने आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को माइनिंग एक्ट के तहत दर्ज मामले में अदालत में आत्मसमर्पण करने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई थाना जुल्कन में 5 सितंबर 2025 को दर्ज एफआईआर नंबर 87 के संबंध में की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हरमीत सिंह पठानमाजरा ने अपनी मर्जी से अदालत में सरेंडर किया, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें हिरासत में लिया गया। एसपी (इन्वेस्टिगेशन) गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि फिलहाल पठानमाजरा को बठिंडा जेल भेज दिया गया है और जांच की जरूरत के अनुसार आने वाले दिनों में उनका पुलिस रिमांड भी लिया जा सकता है। वहीं दूसरी ओर, उनके खिलाफ चल रहे धारा 376 (दुष्कर्म) के मामले में अदालत ने न्यायिक हिरासत को 14 दिन के लिए और बढ़ा दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केस फाइल के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है और इस घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
