जालंधर: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना पंजाब सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय शहीद बाबू लाभ सिंह सिविल अस्पताल में टी.बी. मरीजों को पोषण किट वितरित करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक मुफ्त व बेहतर इलाज मिल रहा है, वहीं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। पंजाब को पूरी तरह से टी.बी. मुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में टी.बी. की जांच और दवाएं पूरी तरह मुफ्त हैं। उन्होंने मरीजों से अपील की कि वे अपने इलाज का कोर्स अधूरा न छोड़ें, दवाएं नियमित रूप से लें और डॉक्टरों की सलाह का पूरी तरह पालन करें।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया और जानकारी दी कि ‘टी.बी. मुक्त भारत अभियान’ के तहत इस अवसर पर 80 मरीजों को पोषण किट बांटी गई हैं। उन्होंने बताया कि मरीजों को हर महीने यह सहायता दी जाती है और पिछले 6 महीनों के भीतर लगभग 600 पोषण किट वितरित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि टी.बी. एक पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है, बस इसके लिए समय पर जांच व निरंतर इलाज जरूरी है; इसके लिए अस्पतालों के अलावा ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में आउटरीच कैंप भी लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान टी.बी. अधिकारी डॉ. परमवीर सिंह ने इस बीमारी के लक्षण, रोकथाम और इलाज पर विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर बीमारी के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित पोस्टर मेकिंग व निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्रों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. वरिंदर रियाड़, एम.ई.आई.ओ. गुरदीप सिंह सहित अस्पताल का चिकित्सा स्टाफ उपस्थित रहा।
