जालंधर ब्यूरो :- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने स्नैचिंग की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, आईपीएस, एडीशनल डीसीपी सिटी-2 मधवी शर्मा, और एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह के दिशा-निर्देशों तथा थाना डिवीजन नंबर 7 के एसएचओ इंस्पेक्टर रविंदर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की है। घटना 08.08.2026 की है, जब शिव विहार के रहने वाले शिकायतकर्ता अशोक बत्रा अपनी पत्नी के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। शिव विहार से गुरमीत नगर गेट की ओर जाते समय करीब सुबह 8:00 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोका और दातार (धारदार हथियार) दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा उनसे कीमती सामान छीनने का प्रयास किया। शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर 7 में बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान 08.09.2026 को इस मामले में नामजद आरोपी अनिल उर्फ नंदू (पुत्र अश्विनी कुमार, निवासी गांव मल्को, थाना लम्बा, जालंधर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में स्नैचिंग और अन्य आपराधिक मामलों की चार एफआईआर दर्ज हैं, और मामले में दूसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।
