अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अनंतनाग में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान योद्धा शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह (कीर्ति चक्र) को उनके शहादत दिवस पर कोटि-कोटि नमन करते हुए एक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया। इस वीर सपूत की अद्वितीय शहादत और बलिदान को चिरस्थायी बनाने के लिए, पंजाब सरकार ने मुंडोपुर चौक से टी-पॉइंट तक जाने वाले मार्ग का नाम बदलकर ‘शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह मार्ग’ और सेक्टर-5-ए के पार्क का नाम ‘शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह पार्क’ रखने की घोषणा की और इसे राष्ट्र को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद हमारे देश का असली सरमाया और अमूल्य धरोहर हैं, तथा शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह जैसे वीर बेटों का लासानी बलिदान आने वाली पीढ़ियों और युवाओं को हमेशा देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। पंजाब सरकार इस दुख की घड़ी में और हर परिस्थिति में शहीदों के परिवारों के साथ पूरी दृढ़ता से खड़ी है।
