जालंधर पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी कामयाबी: 5 पिस्टल और 22 जिंदा कारतूसों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार**

जालंधर:(सोनू छाबड़ा)** कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के स्पेशल सेल की टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से कुल 05 पिस्टल (32 बोर), 09 मैगजीन और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर (IPS) के दिशा-निर्देशों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में स्पेशल सेल के इंचार्ज SI मनजिंदर सिंह की पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

मामले की शुरुआत 25 मई 2026 को हुई, जब पुलिस टीम बस स्टैंड जालंधर के पास पासपोर्ट दफ्तर वाली रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान रेलवे लाइनों की तरफ जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस पार्टी को देखकर भागने की कोशिश की, जिसे तत्परता से काबू कर लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मनजोत सिंह निवासी गांव देसियां, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से एक देसी पिस्टल (32 बोर) और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर 6, जालंधर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी मनजोत सिंह से हुई गहन पूछताछ के आधार पर मामले में दो अन्य आरोपियों, संदीप सिंह निवासी गांव जागोवाल बांगर और अमनदीप सिंह उर्फ अमन निवासी गांव छैनी पसवाल (दोनों जिला गुरदासपुर), को नामजद कर 28 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गांव छैनी पसवाल के पास नहर रोड पर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 04 और पिस्टल (32 बोर), 08 मैगजीन और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए। इस पूरे मामले में अब तक कुल 5 पिस्टल, 9 मैगजीन और 22 जिंदा कारतूस (32 बोर) बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस दोनों नए गिरफ्तार आरोपियों का रिमांड हासिल कर उनके पिछले और अगले संपर्कों का पता लगाने के लिए गहराई से पूछताछ कर रही है।

Share This Article
Leave a comment