जालंधर: ट्रैफिक पुलिस द्वारा जब्त किए गए 369 वाहनों की खुली नीलामी, ₹11.92 लाख का मिला राजस्व

जालंधर (विजयपाल सिंह) :- जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक स्टाफ द्वारा मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की धारा 207 के तहत जब्त किए गए वाहनों की एक बड़ी नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई है। प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुलिस कमिश्नर जालंधर, श्रीमती धनप्रीत कौर (IPS) के दिशा-निर्देशों के तहत, DCP/इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों (PPS) और ADCP/इंडस्ट्री एवं सिक्योरिटी श्री नवजोत सिंह संधू (PPS) की देखरेख में एक विशेष 6-सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी की निगरानी में साल 2013 से लेकर साल 2020 तक पुलिस द्वारा अपने कब्जे में लिए गए कुल 369 वाहनों को नीलाम किया गया, जो वाहन यार्ड ट्रैफिक स्टाफ पुलिस लाइन कमिश्नरेट जालंधर में खड़े थे।

इस पूरी नीलामी प्रक्रिया को अंजाम देने से पहले, समाचार पत्रों में बकायदा विज्ञापन देकर इन वाहनों के असली मालिकों को सूचित किया गया था। उन्हें अपने वाहनों को रिलीज कराने के लिए वैध असल दस्तावेजों के साथ 3 दिनों के भीतर खिड़की नंबर-5, इंचार्ज एडमिन, इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम, कमिश्नरेट पुलिस लाइन रोड जालंधर में उपस्थित होने का समय दिया गया था। हालांकि, तय समय सीमा के भीतर किसी भी मालिक द्वारा अपना दावा पेश न किए जाने के कारण, आज इन सभी 369 वाहनों को पुलिस लाइन कमिश्नरेट जालंधर में खुली बोली (ओपन ऑक्शन) के माध्यम से नीलाम कर दिया गया।

इस खुली बोली की प्रक्रिया में पंजाब के विभिन्न जिलों से आए कुल 23 बोलीदाताओं (Bidders) ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद, कुल 3 सफल बोलीदाताओं ने सबसे ऊंची बोली लगाकर इन वाहनों को खरीद लिया। इस पूरी नीलामी प्रक्रिया से पुलिस विभाग को कुल 11,92,000 रुपये (ग्यारह लाख बांडवे हजार रुपये) का राजस्व प्राप्त हुआ है। पुलिस प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि इसके बाद के अन्य शेष वाहनों की नीलामी प्रक्रिया भी वर्तमान में प्रगति पर है। इसके साथ ही, संबंधित वाहनों के मालिकों से एक बार फिर अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपने असल दस्तावेज दिखाकर ट्रैफिक स्टाफ पुलिस लाइन में खड़े अपने वाहनों को रिलीज करवा लें।

Share This Article
Leave a comment