अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब के लुधियाना जिले में रायकोट रोड पर देर रात एक बड़ा और बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नकोदर से वापस दिड़बा लौट रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं की कार जगराओं से लगभग 12 किलोमीटर दूर रायकोट के पास स्थित कसबा बस्सियां के करीब रात करीब 1:15 बजे अचानक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने के कारण तेज रफ्तार कार सीधे सड़क किनारे बने एक गहरे छप्पड़ (तालाब) में जा गिरी। गाड़ी इतनी तेजी से पानी में समाई कि अंदर बैठे सवारों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। इस भीषण हादसे में आम आदमी पार्टी के नेता बलकार सिंह, विशाल और संदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जो पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबी बताए जा रहे हैं। हादसे में गाड़ी में सवार उनके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की पूरी जानकारी के अनुसार, कार में कुल 5 लोग सवार थे जो धार्मिक स्थल पर माथा टेककर वापस आ रहे थे। मृतक संदीप के मामा शेर सिंह ने बताया कि रात को उनकी संदीप से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने माथा टेककर वापस लौटने की बात कही थी, लेकिन थोड़ी देर बाद ही दूर से बड़े भांजे का फोन आया कि छोटे का जालंधर-लुधियाना मार्ग के पास एक्सीडेंट हो गया है। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को सूचित किया। ग्रामीणों और राहत दल ने भारी मशक्कत के बाद गाड़ी को पानी से बाहर निकाला और पीड़ितों को अस्पताल भिजवाया।
