घर में प्रार्थना के दौरान हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप
यह पूरा मामला जालंधर के मिट्ठू बस्ती के अंतर्गत आते गुरु अर्जुन नगर का है। कुछ दिन पहले यहां एक घर में ईसाई समुदाय की प्रार्थना चल रही थी। इसी दौरान इलाका निवासियों ने वहाँ पहुंचकर भारी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विरोध कर रहे लोगों का आरोप था कि घर के भीतर एक ईसाई महिला द्वारा लालच देकर लोगों का जबरन धर्म परिवर्तन करवाया जा रहा था। वहीं, दूसरी ओर घर के मालिक अवतार सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अवतार सिंह का कहना है कि वे अपने घर में शांतिपूर्वक पाठ-पूजा और प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने जबरन उनके घर में घुसकर माहौल खराब किया।
ईसाई समुदाय का फूटा गुस्सा, दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम
घटना के बाद ईसाई भाईचारे ने एक प्रेस वार्ता बुलाई और घर में घुसकर हंगामा करने वालों के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज करने की मांग की। ईसाई समुदाय के नेताओं ने पुलिस प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे तीखा धरना-प्रदर्शन करने और सड़कें जाम करने पर मजबूर होंगे। समुदाय के प्रधान ने स्पष्ट किया कि वे खुद भी किसी भी तरह के जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ हैं।
पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
ईसाई नेताओं ने 1 जून को हुई इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा धर्म परिवर्तन के झूठे आरोप लगाकर पवित्र प्रार्थना को जबरन रुकवाया गया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो कुछ मणिपुर, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में ईसाई समुदाय के साथ हुआ, वैसा वे पंजाब में कभी नहीं होने देंगे। ईसाई समुदाय ने मौके पर पहुंची पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि पुलिस की गाड़ी में जिन महिलाओं को बिठाकर थाने ले जाया गया, उनका क्या कसूर था?
प्रेस वार्ता में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ईसाई समुदाय के कई प्रमुख चेहरे एकजुट नजर आए। इनमें पंजाब क्रिश्चियन मूवमेंट के अध्यक्ष हामिद मसीह, क्रिश्चियन अवेयरनेस लीडरशिप से पीटर मसीह बुलंदपुर, हैसना पंजाबी मिनिस्ट्री के अध्यक्ष पास्टर तरसेम सहोता और यूनाइटेड पास्टर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पादरी अश्विनी शामिल थे।
इसके अलावा एंग्लिकन चर्च के प्रवक्ता अध्यक्ष अंबोनी मसीह, क्रिश्चियन पास्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पादरी जसपाल, चेयरमैन पादरी एलियाजर और मसीह शक्ति संगठन के अध्यक्ष पादरी गौरव मसीह गिल भी इस दौरान विशेष रूप से मौजूद रहे और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
