जालंधर में ‘एक शाम शिव के नाम’ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब: अरविंद केजरीवाल बोले- ‘गुरुओं-संतों के मार्ग पर चल रही मान सरकार’; सीएम भगवंत मान ने किया मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना के विस्तार का एलान**
**जालंधर(अंकित भास्कर)13 जून:** जालंधर के साईं दास स्कूल के मैदान में भगवान परशुराम जी की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘एक शाम शिव के नाम’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ सहभागिता की। इस भक्तिमय समागम में समाज के हर वर्ग के लोग आस्था के रंग में सराबोर नजर आए, जहां प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी के भजनों और करीब 25 पूजनीय महामंडलेश्वर संतों की उपस्थिति ने माहौल को आध्यात्मिक ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया।
सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की मान सरकार महान गुरुओं, संतों और महापुरुषों द्वारा दिखाए गए धर्म, शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के मार्ग पर चल रही है। उन्होंने भगवान परशुराम जी की शिक्षाओं को संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन हमें अन्याय, असमानता और भेदभाव के खिलाफ लड़ने की शक्ति देता है। केजरीवाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि मान सरकार ने धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए वर्ष 2025 में पहली बार राज्य स्तर पर भगवान परशुराम जयंती, अप्रैल 2026 में पठानकोट में हिंदू नववर्ष और अमृतसर में भगवान वाल्मीकि आश्रम के विकास कार्यों को 25 करोड़ रुपये से पूरा किया है।
वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के अटूट सामाजिक ताने-बाने की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब की उपजाऊ धरती पर सब कुछ उग सकता है, लेकिन नफरत के बीज यहां कभी नहीं पनप सकते। उन्होंने भगवान शिव को दया व करुणा का प्रतीक बताते हुए समाज में भाईचारे का संदेश दिया। मुख्यमंत्री मान ने इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत अब हरिद्वार, श्री खाटू श्याम जी महाराज और सालासर बालाजी धाम के लिए भी मुफ्त तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक ग्रंथों को ले जाने वाले राज्य के लगभग 25,000 विशेष वाहनों को मोटर वाहन कर से पूरी तरह छूट देने की घोषणा की, जिससे धार्मिक संस्थाओं को सालाना 20 से 25 करोड़ रुपये की बड़ी राहत मिलेगी।
अंत में, मुख्यमंत्री ने लोगों से जाति, रंग, नस्ल और धर्म से ऊपर उठकर असामाजिक ताकतों को नकारने और एक समृद्ध, नशा-मुक्त व ‘रंगला पंजाब’ बनाने का आह्वान किया। इस भव्य समारोह में ‘आप’ के वरिष्ठ नेता व पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, मोहिंदर भगत और सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली समेत कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
