भगवंत मान का कांग्रेस पर बड़ा हमला: ‘500 करोड़ में बनता है CM’, मजीठिया पर भी साधा निशाना

पंजाब सीएम भगवंत मान ने राशन डिपो होल्डर को लाइसेंस देते हुए।
चंडीगढ़ पंजाब CM भगवंत मान ने आज पंजाब के 2800 डिपो होल्डरों को नए लाइसेंस सौंपे। इस मौके पर मोहाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, इस दौरान CM ने अपने विरोधियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लड़ाई सिर्फ कुर्सी के लिए है। जो अभी मिली नहीं, परमात्मा करे मिले भी नहीं। वहीं, अकाली दल की सरकार के समय लाल बत्ती की कार में नशा सप्लाई होता रहा।

मजीठिया के इशारे पर होता था। उन्होंने कहा कि मजीठिया अब जेल से बाहर आकर मूंछों पर ताव देते हैं, जैसे कोई किला फतह करके आए हों। आए तो जमानत पर ही जेल से बाहर हैं। वहीं, उन्होंने कहा कि SGPC ने पिछले दिनों मेरे खिलाफ गुरुद्वारों के बाहर पोस्टर लगाए कि भगवंत मान का बायकॉट करो।

उन्होंने कहा कि बहबल कलां कांड जब हुआ तो सुखबीर बादल के पोस्टर भी लगवाए थे। वह तो श्री अकाल तख्त पर जाकर मान चुके हैं कि उन्होंने बेअदबियां करवाई हैं। सीएम ने बड़ा दावा किया अगर विरोधी दल गलती से सत्ता में आ गए तो सारी स्कीमें बंद कर देंगे।

जो वेटर को दस हजार टिप देते हैं, उन्हें डिपो होल्डर से क्या लेना-देना

CM ने कहा कि पुरानी सरकारों के समय ऐसे खुशियों वाले कार्यक्रम होने बंद हो गए थे। उन्हें राशन डिपुओं से क्या लेना। जो वेटरों को दस-दस हजार रुपये टिप देते हों। जिनके खेतों में जाकर नहरें खत्म होती हैं, उन्हें मोगा का क्या पता। जिनके यहां सोने की टोंटियों वाले नलों से पानी आता है, उन्हें पानी के मूल्य का क्या पता है।

इसी हाल में तीन दिन पहले हमने बेलदारों को पक्का किया, जिन्होंने 25-25 साल काम किया। उन्होंने तो सोचा ही नहीं था कि हम पक्के होंगे।

कांग्रेस में CM की कुर्सी पर कही बड़ी बात

कांग्रेस पर तंज कसते हुए CM ने कहा, पंजाब के बारे में विजन कौन दे रहा है? आज वेणुगोपाल ने बुलाया है। आज खरगे ने बुला लिया। आज राहुल गांधी के सामने लड़ पड़े। आज उसके घर में मीटिंग है। एक कहता है, मैं तुम्हें नहीं जानता। दूसरा कहता है कि मैं तुम्हें नहीं बनने दूंगा। यह क्या कर रहे हैं? इन्होंने लोगों का मजाक उड़ाया हुआ है।

साढ़े तीन करोड़ लोग हैं पंजाब में, उनकी भी बात कर लो। केवल अपनी कुर्सियों की बात है। लड़ाई सिर्फ कुर्सियों के लिए है। जो अभी तक मिली नहीं, परमात्मा करे मिले भी नहीं। जिस कुर्सी पर पहले ही लालची आंखें हैं। कहते हैं कि 500 करोड़ देकर मुख्यमंत्री बनता है। कांग्रेसियों ने ही रेट बताया है, मैंने रेट नहीं बताया।

500 करोड़ देकर जो मुख्यमंत्री बनेगा, वह 5000 करोड़ कमाएगा। पैसा कहां से आएगा? वह आपकी स्कीमों से आएगा। स्कूलों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दवाई और नौकरियों से आएगा। वह ऐसे थोड़ी आएगा। वह (कांग्रेस व अकाली) कहते थे कि खजाना खाली है। साढ़े चार साल हो गए। मैंने कभी नहीं कहा कि खजाना खाली है। हमने लीकेज बंद कर दिए।

साढ़े चार साल में पढ़ाई में टॉप पर

CM ने कहा कि अमेरिका वाले मंगल ग्रह पर प्लांट लगाने की तैयारी में हैं। हमसे सीवरेज के ढक्कन पूरे नहीं हो रहे हैं। बच्चों को लेटेस्ट तरीके से पढ़ाया जा रहा है। जब हमने शपथ ली थी तो पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में 27वें नंबर पर था। अब टॉप पर आ गया। पंजाब को दोनों हाथों से लुटाया गया।

लूटने वाले वारिस और रखवाले कहलवाए

अब पानी का प्रयोग कम हो रहा है। हरियाणा व राजस्थान कह रहे हैं कि हमें पहले की तरह पानी नहीं मिल रहा। मैंने उन्हें कहा कि अब वह पहले वाले नहीं हैं। पंजाब को लुटाने वाले पंजाब के वारिस और रखवाले कहलवाए गए। वह कौन-सी साइड से पंजाब के वारिस हैं। उन्हें पंजाबी बोलनी नहीं आती। सुखबीर बादल को पूछ लो, पंजाबी पढ़ना तो दूर, बोलकर दिखाएं।

हर रोज मेरे पर आरोप लगाए जाएंगे। भगवंत, भगवंत… भगवंत मान ने इनकी कुर्सियां हिला दीं। बाड़ियां तोड़ दीं। इसलिए यह गालियां निकालते हैं। एक टीवी चैनल कॉमेडी शो में पहले मेरे बारे में अच्छा बोलता था। अब मेरे खिलाफ बोलता है। दुनिया में हर अच्छी चीज का विरोध होता है। विरोधी कहते थे कि भगवंत मान नया है, तजुर्बा नहीं है। मैंने कहा कि तजुर्बेकारों से लोग दुखी हैं। नए से सब ठीक है।

विरोधी आए तो सारी स्कीमें बंद कर देंगे

शिरोमणि कमेटी ने गुरुद्वारों में मेरे बारे में पोस्टर लगा दिए कि भगवंत मान को मुंह न लगाओ, उसका बहिष्कार करो। कमाल है, जब बहबल कलां कांड हुआ तो सुखबीर बादल के पोस्टर क्यों नहीं लगवाए? जो अकाल तख्त साहिब पर जाकर मान चुके हैं कि हमने बेअदबियां करवाई हैं। गोली चलाने वाले अफसरों को तरक्कियां हमने दी हैं। जो पोस्टर लगाने आते हैं, वह अपनी पत्नियों से तीन-तीन हजार फॉर्म भरवाकर आते हैं।

कहते हैं कि भगवंत मान को मुंह न लगाओ। यह इनकी चाल है। यह पंजाब को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब में कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल वाले आपस में मिले हैं। यह रैलियों में किसी के बारे में नहीं बोलते, मेरे बारे में बोलते हैं। अगर यह आ गए तो यह सारी स्कीमें वापस ले लेंगे। कहते हैं कि हजार और 1500 रुपये देकर आप महिलाओं का दिमाग खराब कर रहे हो। जबकि तुम करोड़ों रुपये खा गए तो उनका दिमाग खराब नहीं हुआ।

जमानत पर बाहर आए, किला जीतकर नहीं

लोगों ने गुरु नानक की तकड़ी समझकर इन्हें वोटें डाली थीं। लेकिन बाद में पता चला कि इनकी तकड़ी चिट्टा भी तोलती है। लाल बत्ती वाली गाड़ी में चिट्टा जाता था। अफसर तो मुझे बताते थे। साथ ही वायरल भी जाता था कि उसे कहीं न रोका जाए। कहा जाता था कि इसमें मजीठिया साहब ने जरूरी सामान भेजा है।

वहीं, अब जेल से बाहर आकर मजीठिया मूंछों पर ताव देते हैं, जैसे कि किला जीतकर आए हों। आए जमानत पर हो। अदालत से बरी हो जाओगे, लोगों की कचहरी से बरी कैसे होगे?

अब योजना के बारे में जानिए

नए राशन डिपो खुलने से प्रदेश के करीब 5.5 लाख राशन कार्ड धारकों को उनके घर के पास ही राशन उपलब्ध हो सकेगा। मान सरकार का मुख्य उद्देश्य हर गांव और शहरी क्षेत्र में डिपो स्थापित करना है, ताकि लोगों को राशन लेने के लिए दूर न जाना पड़े और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नई नीति के तहत आवंटित किए जा रहे 2800 राशन डिपो में समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है। मौजूदा समय में पंजाब सरकार प्रदेश के 14,000 राशन डिपो के माध्यम से ‘स्मार्ट राशन कार्ड स्कीम’ के तहत पंजीकृत 40 लाख परिवारों को मुफ्त गेहूं और ‘मेरी रसोई’ राशन किट उपलब्ध करा रही है।

Share This Article
Leave a comment