चंडीगढ़- PM के चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही पंजाब और हरियाणा सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर यह धमकी दी गई थी। जिसके बाद पूरे परिसर में हाई अलर्ट कर दिया गया है। चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर सचिवालय की इमारत खाली करवा दी गई और पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन लॉन्च कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को देखते हुए पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई। सचिवालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया और आसपास के इलाके में भी निगरानी तेज कर दी गई। जालंधर के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
उधर, पीएम के दौरे से पहले लुधियाना में शिवसेना नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय प्रधान संजीव घनौली ने पहले ऐलान किया था कि लुधियाना में शिवसेना नेताओं पर दर्ज किए गए कथित झूठे मामलों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले का घेराव किया जाएगा।
